Tuesday, February 14, 2012

कोसी (पुल) कथा-5

कोसी पर पुल बनने से मधुबनी-दरभंगा में काफी खुशी थी। हर चौक, हर चौराहे पर कोसी पुल की चर्चा जरूर होती थी। जो वहां से पहले हो आए थे वे इसकी चर्चा उचित ही किसी दर्शनीय स्थल के रूप में कर रहे थे। कोसी पुल को देख आना ‘अपडेट’ होने और बुद्धिजीवी होने की निशानी जैसा लगता था। पता नहीं उस पार कैसा माहौल था। हलांकि इतना तो तय है कि सुपौल-सहरसा के लोग भी जरूर खुश होंगे क्योंकि सबसे ज्यादा कोसी का प्रकोप उन्होंने ही झेला था।
कहते हैं कोसी के इलाके की मछलियों का स्वाद दरभंगा की मछली से अच्छा होता है। कोसी के पानी में और उसकी धाराओं में मछलियों के लिए आदर्श खाद्य पदार्थ होता है। पता नहीं ये कितना सच है। अगर ऐसा है तो वाकई कोसी की मछली मेरे इलाके में 300 रुपये किलो बिकेगी!

मेरे एक परिचित मजाक में कहते हैं कि कोसी पुल बन जाने से दरभंगा-मधुबनी के दूल्हों का भाव गिर जाएगा! इस इलाके में दहेज का जो दानव पिछले दशकों में मजबूत हुआ है उतना दहेज कोसी के पूरब नहीं है। क्या वाकई ऐसा है..? हो सकता है ऐसा हो। सुना है पहले के जमाने में भी लोग इस इलाके में शादी ब्याह करने को प्राथमिकता देते थे। कहते हैं कि मेरी मौसी जब आज से पचास साल पहले पूर्णिया ब्याही गई थी तो उनके ससुर का सीना गज भर चौड़ा हो गया था! आखिर उनके बेटे की शादी मधुबनी में पंचकोसी के ब्राह्मणों के घर जो हुई थी!(पंचकोसी-सौराठ के इर्दगिर्द के तथाकथित कुलीन ब्राह्मणों का इलाका!) हलांकि कुलीनता की ये परिभाषा अब फिजुल लगती है और धूमिल पड़ चुकी है। शायद इसकी एक वजह बीती सदियों में कोसी की विभिषिका झेल रहे उन इलाकों की तत्कालीन स्थिति हो!

दरभंगा में किसी ने कहा कि अब पूर्णिया महज ढ़ाई-तीन घंटा का मामला है। मिथिला का सबसे नजदीकी हिल स्टेशन दार्जिलिंग हो जाएगा। यानी दरभंगा में अगर चले तो महज 6 घंटे में दार्जिलिंग ! यानी अब हनीमून मनाना आसान हो जाएगा ! तो क्या दार्जिलिंग जैसी जगहों का सितारा फिर से चमकेगा ?

दरभंगा और सुपौल जबसे 1 घंटा की दूरी पर आ गया है लगता है दरभंगा के डॉक्टरों की आमदनी अभी और बढ़ेगी। कोसी के उस पार अच्छे मेडिकल कॉलेज नहीं हैं। अब बिहार सरकार ने मधेपुरा में एक मेडिकल कॉलेज बनाने का फैसला किया है, लेकिन उसे जमने में अभी कुछ वक्त लगेगा। इधर दरभंगा में एक प्रसिद्ध मेडिकल कॉलेज है और इस इलाके में वो स्वास्थ्य का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है।

मेरे मित्र आशीष झा कहते हैं कि कोसी पुल ने मिथिला को सिर्फ भौगोलिक स्तर पर ही नहीं जोड़ा है। इसने मिथिला के सांस्कृतिक और मानसिक एकीकरण को भी मजबूत किया है। दोनो भाग अलग-अलग होने से लोग दरभंगा-मधुबनी-समस्तीपुर को तो मिथिला कहने लगे थे लेकिन सहरसा-सुपौल-मधेपुरा को ‘कोसी’ कहने लगे थे। अब ये धारणा धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। मिथिलांचल फिर से मिथिलांचल हो जाएगा। कोसी महासेतु से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण भी कोसी पर बलुआ घाट के नजदीक एक पुल बन रहा है और उससे भी आगे एक और पुल। यानी कोसी पर कई पुल बन रहे हैं। कहते हैं कि बलुआ घाट पुल बन जाने से सहरसा और कुशेश्वरस्थान आस-पास हो जाएंगे। तो क्या इस तरह के पुल अपने भीतर एक बड़े राजनीतिक आन्दोलन की संभावना को हवा नहीं देंगे?

एक अलग मिथिला राज्य का ढ़ीला-ढ़ाला आन्दोलन बरसों से चल रहा है लेकिन उसमें फिलहाल उतनी धार नहीं है। आम जनता उसे अक्सर ‘ब्राह्मणों’ का आन्दोलन मानती है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें समाज के दूसरे वर्ग भी शामिल होते जा रहे हैं। जब से छोटे राज्यों के समर्थन में ज्यादा चर्चा होने लगी है, उसका अप्रत्यक्ष असर मिथिलांचल के लोगों पर भी पड़ता ही है। पता नहीं आगे यह आन्दोलन कितना मजबूत होगा। लेकिन इतना कहा जा सकता है कि कोसी पुल उस आन्दोलन को जरूर मजबूती प्रदान करेगा। गौर करनेवाली बात ये भी है कि ये कोसी पुल का ही उद्घाटन था जब प्रधानमंत्री वाजपेयी ने मैथिली को संविधान की आठवीं अनुसुची में शामिल करने का वादा किया था। उस हिसाब से इस पुल ने अपने उद्घाटन के साथ ही इस इलाके की भाषा को संवैधानिक दर्जा दिला दिया था!

वैसे भी किसी नए राज्य के बनने में दशकों लग जाते हैं। इतना तय है कि आनेवाले दशकों में अगर बिहार के इस हिस्से का उचित विकास नहीं हुआ या बिहार में क्षेत्रीय विषमता पैदा हुई तो एक नए सूबे की मांग को रोकना असंभव हो जाएगा।(जारी)

Sunday, February 5, 2012

कोसी (पुल) कथा-4

कोसी पुल तक जाने के लिए हम फुलपरास से होकर गए थे जो कोसी से करीब 20 किलोमीटर पश्चिम है। इसका जिक्र हमने पहले भी किया है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है फुलपरास का नाम पलाश से पड़ा है। कहते हैं कि यहां कभी पलाश के पेड़ों का घना जंगल था। पिताजी बताते हैं कि उनके बचपने तक पलाश के जंगल तो गायब हो चुके थे लेकिन करीब सौ साल पहले तक फुलपरास से लेकर उत्तर में हिमालय की तलहटी तक(नेपाल में) वनों की एक श्रृंखला फैली हुई थी जिसमें हिंसक जानवर बिचरते थे ! ऐसा ही मेरे गांव से एक किलोमीटर दक्षिण बलिराजगढ़ के किले में भी था। वहां भी घने जंगल थे। यानी बहुत दिन नहीं हुए जब हमारे इलाके में भी घने जंगल थे, जानवर थे। आज उनका नामोनिशान नहीं मिलता।

पिछले सौ सालों में सारे जंगल खेत में तब्दील हो चुके हैं और नदियां कुछ ज्यादा ही उफनने लगी हैं। ये वहीं इलाके हैं जहां हर दस-बीस किलोमीटर के बाद कोई न कोई नदी हिमालय से निकलकर गंगा की तरफ आती है और अब तो कुछ ज्यादा ही गुस्से में आने लगी है। जंगलों के गायब होने का ये स्वभाविक नतीजा है। पहले जंगलों की वजह से पहाड़ से पानी धीरे-धीरे मैदान में उतरता था। लेकिन अब वो सुरक्षा कवच गायब हो चुका है।

बहरहाल, फुलपरास में पलाश के जंगल थे, तो क्या पहले पलाश के पेड़ इस इलाके में बहुतायत से पाए जाते थे? पलाश से पलासी याद आती है जहां हुई एक लड़ाई ने भारतीय इतिहास की धारा बदलकर रख दी थी। लेकिन हमारा फुलपरास भी कुछ कम नहीं। इसने भी बिहार की राजनीतिक धारा को अपने तरीके से प्रभावित किया है। राजनीतिक रूप से अति-जागरुक यह क्षेत्र बिहार में समाजवादियों का गढ़ रहा है। कद्दावर समाजवादी नेता और एक तरह से लालू-नीतीश-पासवान के राजनीतिक गुरु कर्पूरी ठाकुर जब निर्णयात्मक रूप से दूसरी बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे तो फुलपरास ने ही उन्हें चुनकर विधानसभा पहुंचाया था। कर्पूरी उस समय सांसद थे और फुलपरास के तत्कालीन विधायक देवेंद्र प्रसाद यादव(जो बाद में कई बार सांसद और केंद्रीय मंत्री भी बने। वे उस बार पहली दफा विधायक बने थे।) ने उनके लिए फुलपरास सीट से इस्तीफा दे दिया था। कहना न होगा कि बिहार के पिछड़ों-दलितों में राजनीतिक चेतना जगाने का जो काम कर्पूरी ठाकुर ने किया, वह भी एक कारण था कि नब्बे के दशक तक आते-आते पिछड़े दलित बिहार की राजनीति के केंद्रविंदु बन गए।

जिक्र देवेंद्र प्रसाद यादव का आया तो यहां एक बात लिखनी जरूरी है। दरभंगा-मधुबनी-सुपौल से होकर ईस्ट-वेस्ट कॉरीडोर और इसी वजह से कोसी पर सड़क पुल बनवाने की योजना में देंवेंद्र प्रसाद यादव का अहम योगदान था। वे उस समय झंझारपुर के सांसद थे। कहते हैं कि वाजपेयी सरकार जब ईस्ट-वेस्ट कॉरीडोर का खाका खींच रही थी तो कुछ राजनेता और नौकरशाह इसे मुजफ्फरपुर-बरौनी-खगड़िया से होकर ले जाना चाहते थे। लेकिन देवेंद्र यादव ने कई सांसदों का समर्थन जुटाकर और मजबूत तर्कों के आधार पर वाजपेयी सरकार को इस बात के लिए मनाया कि इलाके के पिछड़ेपन को देखते हुए ईस्ट-वेस्ट कॉरीडोर दरभंगा-मधुबनी-सुपौल से ही जाना चाहिए। और ऐसा ही हुआ। लेकिन इस हाईवे के लिए जो श्रेय देवेंद्र प्रसाद यादव को मिलना चाहिए था, वो उन्हें नसीब नहीं हुआ। लोगबाग सिर्फ वाजपेयी या नीतीश की चर्चा करते हैं देवेंद्र यादव की लोग चर्चा भी नहीं करते !

नदियों से अंटे पड़े इस इलाके का जिक्र हमने पहले भी किया है। सुगरवे, तिलयुगा और भुतही बलान का जिक्र हम कर चुके हैं। हाईवे जिधर से गुजरती है कोसी से पहले एक चौक का नाम ही भुतहा चौक है। पल-पल रंग बदलनेवाली नदियों और विनाशकारी बाढ़लानेवाली धाराओं के इलाके में ऐसे नाम होने अस्वभाविक नहीं हैं। यहां हम कलात्मक, सजे-धजे, और गढ़े हुए नामों की उम्मीद भी नहीं कर सकते। न ही किसी रजवाड़े, कुंअंर या जमींदार के नाम पर किसी खूबसूरत नगर या पुर की कल्पना !

हमने इससे पहले नरहिया बाजार का भी जिक्र किया था जिसे पूरब से कोसी ने और पश्चिम से भुतही बलान ने काटकर तबाह कर दिया था। वह बाजार इतिहास के अनलिखे अध्यायों में विलीन हो गया। नरहिया नामके पीछे भी एक दंतकथा है। कहते हैं कि इस जगह का नाम इतिहास में हुए किसी भीषण नरसंहार के नाम पर पड़ा है। किसी इलाकाई सरदार ने तत्कालीन शासक के खिलाफ बगावत की थी। पता नहीं वो बगावत दरभंगा महाराज के खिलाफ थी या उससे भी पहले के किसी शासक के खिलाफ। नरहिया से होकर कोसी पुल की तरफ जाते हुए बरबस ही वो लोककथा याद आ गई। मैं पुल की तरफ जाते हुए एक-एक गांव के बारे में जानना चाहता था जो नदियों की अठखेलियों के शिकार हो गए थे।(जारी)

Friday, February 3, 2012

कोसी (पुल) कथा-3

कोसी नदी मधुबनी-सुपौल की सीमा नहीं है, बल्कि सुपौल से ही होकर बहती है। कोसी के पश्चिम तक सुपौल जिला है। निर्मली, सुपौल जिला में ही पड़ता है, यों नदीं होने के कारण वहां के लोगों के लिए जिला मुख्यालय जाना काफी मुश्किल भरा काम था। निर्मली, कोसी के पश्चिम में है जबकि सुपौल कोसी से पूरब। उस तुलना में दूरी होने के बावजूद निर्मली से मधुबनी-दरभंगा जाना ज्यादा आसान था। अब पुल बनने के कारण सुपौल का अपने जिला मुख्यालय से जुड़ाव सही हो गया है।
हाईवे नंबर 57( ईस्ट-वेस्ट कॉरीडोर) से निर्मली करीब 7 किलोमीटर दक्षिण में है और वहां तक जाने के लिए अच्छी सड़क बन गई है। समय की कमी की वजह से मैं निर्मली नहीं जा पाया। वो पुरानी रेल लाईन जो सन् 1934 के भूकंप में ध्वस्त हो गई थी, निर्मली तक ही थी। उस पार भपटियाही था। इसे दरभंगा-निर्मली रेलखंड बोलते हैं, जो छोटी लाईन की है। उस पर नियमित रेलगाडिया चलती हैं। अब कोसी पर नया रेल पुल भी बन रहा है जिसके बाद से ये लाईन बड़ी लाईन हो जाएगी।
मेरे कोसी पुल तक जाने की कई वजहें थी। नदी और पुल को देखने के अलावा हाल के सालों में उधर से एक संबंध भी बना था। मेरे बहनोई का पुश्तैनी गांव उधर ही था, जिसे सन् 70 के दशक में कोसी पूरी तरह लील गई थी। उस गांव का नाम बनैनियां था(है?)। कहते हैं बनैनियां उस इलाके का एक प्रसिद्ध गांव था जहां कई नामी-गिरामी लोग पैदा हुए थे। मेरी दीदी के श्वसुर गुणानंद ठाकुर सहरसा से सांसद भी रहे। इसके अलावा हिंदी-मैथिली के साहित्यकार मायानंद मिश्र, इनकम टैक्स कमिश्नर सीताराम झा उसी गांव के थे जिनका नाम पूरे इलाके भर में था। जब कोसी ने उस गांव को लीलना शुरु किया तो वहां के लोग जहां-तहां पलायन कर गए। जिसको जहां ठिकाना मिला वहीं बस गया। सरायगढ.सहरसा, सुपौल, पटना, दिल्ली, बंबई आदि शहरों में वहां के लोग पलायन कर गए।
जब भी मैं दिल्ली में अपने बहनोई के घर जाता तो उनकी मां भाव-विह्वल होकर बनैनिया का जिक्र करती ! वे अपनी घर, आम के बगीचे, तालाब, मंदिर का जिक्र करती। उनकी बड़ी बेटी की शादी गांव से ही हुई थी। उनकी मंझली बेटी बतातीं कि कैसे उनके घर के सामने आम के पेड़ से लगा एक झूला हुआ करता था जहां बचपन में वे लोग खेलते थे! उस गांव में उनके पचासो बीघे जमीन थे, वे सब नदी के पेट में समा गए। देखते ही देखते लोग राजा से रंक हो गए। सुना की हाल के दिनों में नदी के पेट से बनैनिया के कुछ जमीन बाहर आए हैं। उनका पुराना बटाईदार कभी-2 दिल्ली आता तो बताता कि कुछ जमीन बाहर निकला हैं। उनकी आंखों में एक चमक सी आ जाती! वे फिर से कल्पना करते कि शायद कभी वे अपने पुरखों की जमीन को देख पाएंगे! उन्होंने मुझसे कहा भी था कि अगर मैं उस तरफ जाऊं तो जरा बनैनिया का थाह लूं कि क्या वो पानी से वाकई बाहर निकल आया है ?

जब मैं को
सी पुल पर था तो मैंने कुछ लोगों से पूछा कि बनैनियां कहां हैं? नए लोगों को इसके बारे में ज्यादा पता नहीं था। एक पुराने बुजुर्ग मिले जिन्होंने इशारे से बताया कि वो पुल से उत्तर बीच पानी में कहीं होगा। वे मेरी दीदी के ससुर को जानते थे। उन्होंने कहा कि नेताजी का घर उसी जगह था। वहां कोसी का पानी हिलोड़ मार रहा था। हम पुल के पूर्वी छोड़ तक गए जहां नया तटबंध बना दिया गया है। उस पार की जमीन वर्तमान में पानी से बाहर सुरक्षित हो गई है। हाईवे के नीचे तटबंध के पूरब उस खाली जमीन पर बस्तियां पनप आई थीं। वहां सौ-दो सौ के करीब झोपड़ियां उग आई थीं। बिल्कुल नए-नए साल दो साल के बने घर। कुछ पान के खोखे..कुछ चाय की दुकानें...। उस गांव का नाम इटरही था। वह गांव पुराने बनैनियां से करीब 2-3 किलोमीटर उत्तर था। उस गांव की ये खुशनसीबी थी कि वो नए तटबंध से बाहर आ गया, लेकिन बनैनियां इतना खुशनसीब नहीं था। वो पानी के पेट में ही पड़ा रहा गया, और शायद स्थायी रुप से इतिहास और विस्मृति के गर्भ में भी।
कुल मिलाकर उस समय मुझे वो गांव कहीं नजर नहीं आया। हां, दूर पानी में कुछ जमीन उग आए थे। उस पर कुछ घर बन गए थे। जीवन का संचार दिख रहा था। लेकिन वो जमीन बिल्कुल कोसी के पेट में थी। दोनो तरफ कोसी की धाराएं और बीच में वो जमीन और उस पर कुछ घर...। तो क्या यहीं बनैनियां थी? मैं निश्चित नहीं हो पाया। दिल्ली आकर गूगल मैप पर देखा तो किसी जानकार व्यक्ति ने विकिमैपिया पर उसी उग आई आबाद जमीन को बनैनिया के नाम से चिह्नित किया था। लेकिन अथाह जलराशि के बीच में उस सौ-दो सौ एक एकड़ उथली जमीन का क्या मतलब था...? क्या कभी वो जिंदा हो पाएगा..? क्या कोसी फिर से उसे नहीं लील जाएगी..? लोगों की जीवटता देखकर आश्चर्य हुआ कि फिर भी कुछ लोगों ने उस पर अपने घर बना लिए थे। वे धारा पारकर सरायगढ या भपटियाही जाते हैं लेकिन बाढ़ के दिनों में वे क्या करते होंगे...?
दीदी की सास ने बताया कि जो लोग संपन्न थे वे लोग तो सहरसा, सुपौल या दिल्ली स्थायी रुप से पलायन कर गए, लेकिन गरीब लोगों ने कोसी के पुराने तटबंध पर ही अपना डेरा डाल लिया। उनके पास कोई दूसरा उपाय भी नहीं था। वे दशकों से उम्मीद में थे कि शायद कभी कोसी मैया उनके जमीन को आजाद करेगी। ज्योंही वो जमीन निकली, लोग फिर से वहां पहुंच गए। लोगों की जीवटता देखकर मैं दंग रहा गया। नदी किनारे रहनेवाले लोग कितने जीवट होते हैं, पहली बार मुझे इसका एहसास हो रहा था! हाहाकारी बाढ़ लानेवाली नदी के पेट में कोई गांव पनप सकता है, और वहां लोग दशकों-सदियों तक रह भी सकते हैं इसकी कोई कल्पना नहीं थी!
कोसी से लौटकर जब गांव आया था तो छोटी दादी ने वहां का हाल पूछा था। मैंने बनैनिया का जिक्र किया तो उन्होंने पूछा कि नकटा हुलास नामका गांव उधर ही कहीं था। वो बनैनियां से पंद्रह-बीस किलोमीटर दक्षिण था। उसे भी कोसी ने साठ के दशक में लील लिया था। दादी के रिश्ते में कोई भाई वहां से उनके गांव आकर बस गए थे। दादी के पिता ने उन्हें गांव में कुछ जमीन दे दी थी। दादी इसी तरह के कई गांवों का जिक्र कर रही थीं जो कोसी के पेट में समा गए थे। उनकी आखों में उनके रिश्तेदारों का दर्द मैं महसूस कर पा रहा था। शायद इसी तरह मुल्क के बंटवारे के बाद पाकिस्तान से पंजाबी शरर्णार्थी आए थे। गुजराबालां की याद शायद ऐसी ही होगी। बंटवारे के बाद आए शरणार्थियों के लिए तो सरकार ने व्यापक पुनर्वास की योजना भी बनाई, लेकिन क्या कोसी जैसी नदियों द्वारा शरणार्थी बना दिए गए लोगों का कोई पुनर्वास हो पाया ? पता नहीं सरकार ने उनकी कितनी मदद की और उन तक कितनी मदद पहुंच पाई। यह अभी भी एक शोध का विषय है।

इधर सरकार ने कोसी को नए तटबंधों में जकड़कर समेटने की कोशिश की है। इससे पुल के नजदीक कोसी का पाट थोड़ा छोटा हो गया है। पुल की लंबाई लगभग ढ़ाई किलोमीटर ही है, जबकि कोसी का पुराना पाट करीब 6-7 किलोमीटर से कम का क्या रहा होगा। पता नहीं भविष्य में इसका क्या नतीजा होगा। क्या वो पुल और उसके नए तटबंध भविष्य में पानी के दवाब को झेल पाएंगे? कोसी का चरित्र पश्चिम की तरफ खिसकने का रहा है और इसकी वजह ये है कि उसमें सिल्टिंग काफी होती है। अगर वो नदी जिसे पुल के नजदीक समेटकर महज ढ़ाई किलोमीटर का कर दिया ग्या है, पश्चिम की तरफ दवाब बनाती है और खिसक जाती है तो पुल का क्या मतलब रह जाएगा...? यह कल्पना ही अपने आप में दिल-दहला देने वाली है। हाल ही में कोसी ने अपना रूप दिखाया था जब कुसहा के नजदीक उसके तटबंध टूटे थे।
बहरहाल, जश्न के इन पलों में इस भयानक कल्पना का जिक्र असहज बना देता है...लेकिन पुल पर खड़ा होकर मैं इस कल्पना को अपने जेहन में आने देने से रोक नहीं पा रहा हूं...। (जारी)

Tuesday, January 24, 2012

कोसी(पुल)कथा-2


एक जमाना था जब दोनों इलाके रेललाईन से जुड़े हुए थे। निर्मली से भपटियाही रेललाईन थी। लेकिन सन् 1934 के भूंकंप में वो पुल भी टूट गया। फिर तो सारा कुछ बर्बाद हो गया। तमाम पुराने संबंध खत्म होते गए। दरभंगा-मधुबनी वालों के लिए सहरसा-पूर्णिया की चर्चा दंतकथा जैसी हो गई। मेरी दादी बताती थी कि उस पार परसरमां की एक काकी थीं, उधर चैनपुर नामका कोई गांव था। हम गौर से उन गावों का नाम सुनते और कल्पना करते कि वे गांव कहां होंगे। हम बनगांव-महिषी का नाम सुनते और वहां की प्रसिद्ध उग्रतारा भगवती की कहांनियां सुनते। कोई दूर के संबंधी उधर से आते तो बनगांव के संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं की कहानी सुनाते। हवा का कोई ताजा सा झोंका आता।

लेकिन हम चाहकर भी उस पार आसानी से नहीं जा पाते। सहरसा या पूर्णिया जाने का मतलब था पांच जिला पार कर के जाना। ट्रेन या बस से जाने का मतलब था लगभग 18-20 घंटे का सफर। ऐसा ही उस पार के लोगों के लिए भी था। दिल्ली जाना आसान लगता था, लेकिन पुर्णिया जाना दुरुह। हम रेणु का मैला आंचल पढ़कर अंदाज लगाते कि फारबिसगंज कैसा होगा। पुरनिया कैसा होगा। श्रीनगर, चंपानगर स्टेट, गढ़बनैली स्टेट, कुमार गंगानंद सिंह...सिंहेश्वर स्थान.. मैथिली-हिंदी के ढ़ेरों प्रसिद्ध साहित्यकार उधर से हुए। हिंदी-मैथिली के प्रसिद्ध साहित्यकार राजकमल चौधरी महिषी के ही थे।

पिताजी की एक बुआ उधर ही ब्याही थी, परिहारी गांव में। शायद अब अररिया में है। दादाजी अक्सर उस पार जाते, बताते कि उधर पटुआ(पटसन) की खेती बहुत होती है। किसानों के पास बहुत जमीन हैं। बड़े जमींदार हैं, लेकिन साथ ही ये भी बताते कि इलाका
‘थोड़ा पिछड़ा’ हुआ है। सड़के खराब हैं...और लोग ‘मोटा खाते-पहनते’ हैं ! ये बातें उस वक्त समझ में नहीं आती थी। हम
मधुबनी-दरभंगा के लोग अपने आपको थोड़ा ऊंचा समझते! अकड़ में रहते! कोसी के इलाके को हमारे इलाके के लोगों ने ‘कोसिकंधा’ बना दिया!

दरभंगा वालों ने उन्हें हमेशा कम करके आंका। एक श्रेष्टतावोध उन पर हमेशा हावी रहा!शायद ऐसा मैथिली साहित्य में भी हुआ। दरभंगा और सहरसा वालों में अक्सर शीतयुद्ध चलता रहता। दरभंगा वाले अक्सर अपनी मैथिली को मानक मैथिली साबित करने की कोशिश करते। वे उधर की मैथिली पर नाक-भौं सिकोरते। दुर्भाग्यवश कमोवेश अभी भी वैसी ही मानसिकता है।
ये बातें बचपन में भेजे में अंटती नहीं थी। हमें क्या पता था कि कोसी ने बीती सदियों में उस इलाके का ये हाल कर दिया है कि हमारे इलाके के लोग उसे ‘कोसिकंधा’ कहने लगे।पिछली ढ़ाई शताब्दियों में कोसी करीब 120 किलोमीटर खिसक कर पश्चिम आ गई।पिछली बार यह चालीस के दशक में पश्चिम की तरफ खिसकी थी। यानी इसने करीब 8 बार अपनी धारा बदली। सैकड़ों गांव, हजारों-लाखों लोग बेघर हो गए।जमीन रेत से पट गई। तो फिर उस इलाके का क्या हाल हुआ होगा...?
आजादी के बाद कुछ कोशिशें हुई, लेकिन कामयाब नहीं हो पाई। पचास के दशक में नेपाल के साथ एक समझौता करके कोसी पर तटबंध बनाने की शुरुआत हुई। कोसी की भुजाओं में मानो हथकड़ी डाल दिया गया। साठ के दशक में प्रसिद्ध नदी घाटी परियोजना कोसी प्रोजेक्ट शुरु हुई। मेरे गांव से होकर पश्चिमी कोसी नहर की मुख्य शाखा जाती है। इसे सन् 1983 में पूरा हो जाना था। तीस साल होने को आए, लेकिन वो आज तक नहीं बन पाई। सुना कि पूर्वी कोसी नहर लगभग
कामयाब हो गई। अगर ठीक से शोध किया जाए तो पश्चिमी कोसी नहर की विफलता बिहार के भ्रष्टाचार की कहानियों में शीर्ष स्थान हासिल करेगी।
लेकिन लाख प्रयासों के बावजूद कोसी पर फिर से पुल नहीं बनाया जा सका। न तो रेल पुल, न ही सड़क पुल। इस तथ्य के बावजूद कि सूबे पर लंबे समय तक राज करनेवाला और राजनीति को प्रभावित करनेवाला एक प्रमुख परिवार उसी इलाके से आता था। पूर्व रेलमंत्री ललित नारायण मिश्र को इलाके में काफी प्रतिष्ठा मिली-खासकर मधुबनी-दरभंगा में। कहते है कि उन्होंने कोसी पर फिर से रेल पुल बनवाने की कोशिश भी की थी। लेकिन इसमें वे कामयाब हो पाते, इससे पहले ही वे दुनिया से कूच कर गए। उनके मुख्यमंत्री भाई ने फिर उस इलाके की तरफ बहुत ध्यान नहीं दिया।
करीब एक दशक पहले जब अटल बिहारी वाजपेयी ने कोसी पुल का शिलान्यास किया तो अचानक एक उम्मीद सी जगी। सदियों की प्यास मानों जिंदा हो उठी। सन् 2012 में अब वो जुड़ाव पूरा हो गया है। कोसी पुल के साथ बिल्कुल उससे सटे हुए रेल पुल का भी निर्माण हो रहा है। राजनीतिक कारणों से उसमें विलंब हो रहा है। मैं पुल पर ख़ड़ा होकर सोच रहा हूं कि अगली बार चाय पीने पुरनियां जरुर जाऊंगा। या फिर अपने जैसे यार मिल गए तो सिलीगुड़ी तक जाऊंगा। उस पार से छोटी बसों और टैक्सियों में सबार होकर कुछ झुंड के झुंड स्कूली बच्चे कोसी पुल देखने आ रहे हैं। कभी पंडित नेहरु ने कल-कारखानों और पुलों को आधुनिक भारत का तीर्थ कहा था। ये बच्चे उसी तीर्थ को देखने आए हैं। उनकी आंखों की चमक में मैं इस इलाके का सपना ढ़ूंढ रहा हूं। वो सपना मुझे साफ दिखाई दे रहा है। (जारी)

कोसी(पुल) कथा-1

पिछले महीना गांव गया तो कोसी पुल देखने चला गया। बहुत दिनों से मन में इच्छा थी कि कोसी पुल को देखा जाए, कोसी नदी को देखा जाए। सो इस बार गांव जाते ही एक दोस्त के साथ बाईक पर सबार हुआ और चला निर्मली की तरफ... जहां कोसी पर महासेतु का निर्माण किया गया है।

निर्मली में जहां कोसी महासेतु है, वो जगह मेरे गांव खोजपुर(मधुबनी) से करीब 45 किलोमीटर पूरब है। सड़कें अच्छी हो गई है। मेरे गांव से खुटौना 7 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है और वहां से फुलपरास करीब 18 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व । फुलपरास में हमें एनएच 57 मिल जाती है जो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का हिस्सा है। ये सड़क चार लेन की है जो गुजरात से मिजोरम तक जाती है। पोरबंदर से शुरु होकर यह सड़क, राजकोट, कांडला, उदयपुर, कोटा, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर होते हुए गोपालगंज में बिहार में प्रवेश करती है। फिर मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी होते हुए सुपौल, अरड़िया, पुर्णिया चली जाती है। फिर वहां से बंगाल, असम और मिजोरम। ऐसी सड़क इससे पहले बिहार में सिर्फ जीटी रोड थी जो स्वर्णिम चतुर्भुज का हिस्सा है और गया के पास से गुजरती है। अब तो बिहार में कई जगह चार लेन की सड़के बन रही है।

तो हम बात कर रहे थे
कोसी महासेतु की। हम सुबह करीब 10 बजे चले थे। पुराना वक्त होता तो हम जाने की हिम्मत नहीं कर पाते। एक तो पहले सड़कें खराब थी और फिर उस इलाके को ‘कोसिकंधा’ बोलते थे। पता नहीं कब क्या हो जाए। कोसिकंधा अपने आप में नकारात्मक भाव छुपाए रखता था, कोसी ने इलाके को तबाह कर दिया था। फिर भी लोग कोसी को ‘महारानी’ या ‘मैइया’ बोलते! शायद इसका कारण भय रहा हो, या नदियों के प्रति हमारी श्रद्धा! लेकिन अब माहौल दूसरा था। हम फुलपरास में रुके, वहां पान खाया, बाईक में तेल डलवाया और फिर रवाना हुए निर्मली की तरफ।
अब हम चार लेन की सड़क पर थे। निर्मली महज 20 किलोमीटर दूर थी, यानी बीस मिनट का सफर था। ये बाढ़ का इलाका है, कोसी की कई सहायक नदियां इधर से बहती हैं। भुतही बलान, तिलयुगा, सुगरवे और न जाने क्या-क्या। इन नदियों का नाम मैं बचपन से सुनता आ रहा था, लेकिन इस इलाके
में जाना पहली बार हो रहा था। सड़क जमीन से काफी ऊपर बनी है। शायद ऐसा इसलिए कि बाढ़ का पानी उस पर चढ़ न जाए। हरेक किलोमीटर-दो किलोमीटर पर पानी के बहाव के लिए साईफन बनाया गया है। हरेक नदी-नाले के ऊपर भीमकाय पुल बनाया गया है। हम हरेक पुल पर उतर कर वहां से नीचे पानी के बहाव को देखते। ये बरसाती नदियां हिमालय से नेपाल की तरफ से आती हैं। ये नदियां कभी बाढ़ के लिए कुख्यात रही हैं, इतनी कुख्यात की लोगों ने इनका नाम भुतही, सुगरवे न जाने क्या-क्या रख दिया!

फुलपरास से आगे(पूरब) भुतही बलान है, फिर नरहिया गांव और उसके पूरब कोसी। यानी नरहिया, भुतही और कोसी के बीच में है। बुजुर्गों का कहना है कि नरहिया पहले बाजार हुआ करता था। लेकिन पश्चिम से भुतही ने और पूरब से कोसी ने उसे काटना शुरु कर दिया। नरहिया बाजार उजड़ गया। ये सन् 50 के दशक की बात होगी। नरहिया के व्यापारी आस-पड़ोस के गांवों-कस्बों में पलायन कर गए। नरहिया से पूरब और भी ऐसे कई गांव थे जो अब कोसी के पेट में समा चुके हैं। उनका नामो-निशान इस दुनिया से मिट चुका है। वहां के लोग प्रवासियों की तरह दिल्ली-मुम्बई और पटना-सहरसा में रह रहे हैं। बहरहाल ये कहानी आगे।

नरहिया से आगे गए तो तिलयुगा घार( ये बरसाती नदी भी नेपाल की तरफ से आती है, जो फिर कोसी में ही मिल जाती है) मिला, फिर कोसी का पुराना पश्चिमी तटबंध। वो तटबंध कोसी के पश्चिमी किनारे पर बनाई गई थी और नेपाल की तरफ से आती है। उस पर पक्की सड़क बन रही थी। बिहार सरकार तन्मयता से सड़क निर्माण कार्य में जुटी हुई थी। उसके बाद कोसी का मूल इलाका शुरु होता है। यानी वो इलाका जो नदी का पाट नहीं था लेकिन जब नदी में पानी आती थी तो वहां तक का कम से कम पूरा हिस्सा जलाप्लावित हो जाता था। ऐसा ही तटबंध कोसी के पूर्वी तट पर भी बनाया गया था। यानी कोसी का पाट मान लीजिए 4-5 किलोमीटर चौड़ा होगा तो दोनो तटबंधों के बीच का इलाका कम से कम 15 किलोमीटर चौड़ा होगा। यानी ये इलाका कोसी के रहमोकरम पर था। इसमें कई गांव थे, हैं, जो बाढ़ के वक्त प्रकृति के रहमोकरम पर जिंदा रहते हैं। यों, इस वजह से यहां की आबादी बिरल है।

बहरहाल, हम पश्चिमी तटबंध के नजदीक एक पान की दुकान पर रुके। महासेतु की दूरी पूछी तो पता चला कि महज 5 किलोमीटर है। हाईवे पर खूबसूरत साईनबोर्ड चमक रहे थे...पूर्णिया 140 किलोमीटर, फारबिसगंज 80 किलोमीटर, गोहाटी 700 किलोमीटर...! यकीन नहीं हो रहा था कि यहां से पूर्णिया मात्र तीन घंटे की दूरी पर है...और फारबिसगंज मात्र सवा घंटे में...! रेणु के उपन्यास का पुरनियां...फारबिसगंज....मैलां आंचल का इलाका...!


रास्ते में हाईवे पर कई मरे हुए जानवर मिले। खासकर गीदड़ और कुत्ते। एक जगह कुछ भेड़ भी मरे हुए मिले। लोगों ने बताया कि हाईवे पर इतनी तेज रफ्तार से गाड़िया चलने लगी है कि बहुत जानवर मरते हैं। भेड़हरों(गड़ड़िये) के एक समूह से बात हुई, उसने कहा कि वो सुपौल की तरफ से आया है। उसने पूछा कि बाबू आपकी तरफ भी हमारी जाति के लोग हैं क्या..?
ज्यों-ज्यों कोसी के नजदीक जाता गया, आबादी बिरल होने लगी। मीलों तक निर्जन जमीन...उजाड़ सी धरती। नीची जमीन...लो लैंड..नदी के किनारें कई किलोमीटर तक बालू ही बालू...। अतीत में आई बाढ़ की विभिषिका ने मानों जीवन को लील लिया था।

आखिरकार हम कोसी महासेतु के नजदीक पहुंच गए। पुल से पहले हाईवे टॉल प्लाजा बनाया जा रहा था। उसका रंग-रोगन किया जा रहा था। पूछने पर पता चला कि 6 फरवरी को पुल का उद्घाटन होनेवाला है। प्रधानमंत्री आएंगे।

हमने बीच पुल पर अपनी बाईक खड़ी की। हमारा दिल धड़क रहा था। हम उस नदी को गौर से देखना चाहते थे जो उत्तर-बिहार का शोक कही जाती थी। जिसने मिथिला को भौगोलिक रूप से दो भागों में बांट दिया था। ऐसा लग रहा था मानो भारत-पाकिस्तान बन गया हो। मधुबनी-दरभंगा एक तरफ और सहरसा-पूर्णिया एक तरफ। हम पुल के उस पार यानी नदी से पूरब की तरफ कुछ दूर गए। हमने पूरब के आसमान को ताका। दूर क्षितिज पर कुछ पंछी उड़ रहे थे। शायद वे पुर्णिया की तरफ से आ रहे थे...! (जारी)

Tuesday, June 21, 2011

क्या प्रणब मुखर्जी, वी पी सिंह की राह पर चलना चाहते थे ?


ऐसा नहीं है कि वित्त मंत्रालय में पहली बार खुफियागिरी की गई है। बड़े कॉरपोरेट हाउस, दलाल, टेंडर माफिया पहले भी वहां से गुप्त सूचनाएं हासिल करते थे लेकिन वो खुफियागिरी नहीं बल्कि मिलीभगत होती थी। कहते हैं कि 'घोषित तौर पर' देश का सबसे अमीर अंबानी परिवार इन्ही कुछ वजहों से इतनी लंबी छलांगे मार पाया। लेकिन देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी वित्तमंत्री ने अपने कार्यालय में 'सेंध' लगाने की घटना को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया हो। मजे की बात ये भी कि उसकी जांच निजी जासूसों से भी करवाई गई। बकौल वित्तमंत्री, उन्होंने सितंबर में ही प्रधानमंत्री को इस बावत चिट्ठी लिखी थी और आईबी ने इसकी जांच की थी जिसमें उसने 'कुछ नहीं' पाया था। फिर निजी जासूसों से जांच करवाई गई और जांच अपने विभिन्न चरण में है।

मीडिया अभी तक यहीं सवाल पूछ रहा है कि इस मामले की निजी जासूसों से जांच करवाने की क्या जरुरत थी और मुखर्जी ने गृहमंत्रालय में शिकायत न करके सीधे प्रधानमंत्री से ये बात क्यों कही। ये कहा जा रहा है कि मुखर्जी के चिदंबरम् से गंभीर मतभेद है ! ये बातें इस आधार पर की जा रही है कि मुखर्जी चाहते तो दिल्ली पुलिस, सीबीआई या फिर आईबी से जांच करवाते या फिर चिंदंबरम् से शिकायत करते। लेकिन जो सवाल मीडिया नहीं पूछ पा रहा है वो ये कि क्या वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी, राजीव गांधी के कार्यकाल में वित्तमंत्री रहे वी पी सिंह की राह पर अग्रसर हैं? और क्या उनकी जांच 10 जनपथ ने करवाई है? क्या कांग्रेस आलाकमान को ये एहसास हो गया था कि वे ब्लैक मनी की सूचनाओं का इस्तेमाल उसी तरह कर सकते हैं जिस तरह वी पी सिंह ने बोफोर्स घोटाले का किया था?

हाल ही में दिग्विजय सिंह ने बयान दिया था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने के लिए 'बिल्कुल' तैयार है ! जाहिर सी बात है कि ये बयान मनमोहन सिंह के खिलाफ तो नहीं ही था। सो मनमोहन सिंह को इसका दुख भी नहीं हुआ क्योंकि वे जानते हैं कि जिस दिन से वे प्रधानमंत्री बने हैं उसी दिन से राहुल गांधी तैयारी कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह का बयान दरअसल प्रणब मुखर्जी के खिलाफ था जो सन् 1984 से इस पद के दावेदार हैं। मौजूदा भ्रष्टाचार के आलम में सरकार का सबसे मजबूत चेहरा प्रणब मुखर्जी ही हैं जिसका अपराध यहीं है कि उनमें राजनीतिक काबिलियत कूट-कूट कर भरी हैं और वे राजनीतिक पृष्ठभूमि के रहे हैं। नेहरु परिवार अब वो जोखिम मोल नहीं ले सकता जो उसने सन् 1991 में नरसिंह राव के लिए रास्ता खालीकर लिया था।


सत्ता-सुरंग में आवाजाही करनेवाले कई लोग ये भी कहते हैं कि बाबा रामदेव के अनशन पर 'पुलिसिया आक्रमण' में भी प्रणब मुखर्जी को भरोसे में नहीं लिया गया। ये सब चिदंबरम्( जो वैसे भी दिल्ली पुलिस के सुपर-मुखिया हैं) और 10, जनपथ के इशारे पर किया गया ताकि मामला इतना तूल न पकड़ ले कि उसकी लपट में 10,जनपथ तक आ जाए। प्रणब मुखर्जी अपने बयान में कह चुके हैं कि उन्हें ब्लैक मनी जमा करनेवाले लोगों के बारे में मालूम है लेकिन कानून और 'परंपराओं' के तहत उनके हाथ 'बंधे' हुए हैं।

देखा जाए, तो मुखर्जी को अपनी जिंदगी में वो सब हासिल हो चुका है जिसकी आकांक्षा एक औसत कांग्रेसी राजनेता को होती है। हां, अभी तक उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी नहीं मिली है। लेकिन कांग्रेस में भी ऐसे महात्वाकांक्षी नेताओं की लंबी लिस्ट रही है जिन्होंने नेहरु राजवंश से दो-दो हाथ किए हैं और लड़-झगड़कर एक-आध साल के लिए ही सही प्रधानमंत्री जरुर बने है। मोरारजी देसाई और वी पी सिंह ऐसे ही उदाहरण रहे हैं।

लेकिन सवाल ये है कि क्या प्रणब मुखर्जी, वी पी सिंह की तरह कांग्रेस छोड़कर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व कर सकते हैं या उनमें ये मा्द्दा है? सपाट तौर पर इसका जवाब ना में है। वे लड़ाकू राजनेता और व्यापक जनाधार वाले नहीं है,उन्होंने हमेशा टेबुल की पॉलिटिक्स की है। लेकिन कांग्रेस के अंदर रहकर ही वे अपने नाम पर मुहर लगवाने का ख्वाब जरुर पाल सकते हैं या पालते रहे हैं। इसकी बानगी उनके कई बयानों में देखने को मिलती है, मसलन जब हाल ही में उनसे उनके बेटा को टिकट मिलने के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था कि टिकट पर किसी का कोई नैतिक दावा नहीं हो सकता, मैं भी सन् 1984 में 'वरिष्टतम' कैबिनेट मंत्री था।

कांग्रेस जिस विश्वासहीनता के भंवर में फंसी दिखती है उसमें मुखर्जी के लिए इससे मुफीद वक्त कोई नहीं हो सकता। उन्हें कांग्रेस छोड़कर जाने या बिगुल फूंकने की कोई जरुरत नहीं है, न ही इसका उन्हें फायदा ही होगा। एक 'ढ़ीलीढ़ाली' और 'नेतृत्व-विहीन' सरकार में उनके सामने प्रधानमंत्री बनने के भरपूर अवसर है सिवाय नेहरु परिवार रुपी रोड़े के। तो क्या प्रणब मुखर्जी कुछ ऐसा करनेवाले थे जिससे नेहरु परिवार की बड़े पैमाने पर बदनामी होती? यही् वो सवाल है जिसमें ये राज छुपा है कि वित्तमंत्रालय की खुफियागिरी कौन कर रहा था।

बहरहाल, बुढ़ापा भी जोखिम उठाने के लिए बुरा वक्त नहीं माना जाता खासकर तब जब दाव ऊंचे लगे हों।

Monday, March 7, 2011

बिहार की तीन 'मासूम' घटनाएं


सरसरी निगाह से देखने पर ये घटनाएं सामान्य लगती हैं, लेकिन ये घटनाएं उतनी सरल हैं नहीं जितनी प्रतीत होती हैं। दरअसल हाल में बिहार में तीन घटनाएं साथ-साथ हुई हैं जिन्हें मुख्यधारा की मीडिया ने कायदे से रिपोर्ट नहीं किया या हड़बड़ी में या जानबूझकर या अयोग्यतावश इनके निहितार्थों को नजरअंदाज कर दिया। घटना नंबर एक है बिहार के सिमरिया में कुंभ मेले के आयोजन का प्रयास। दूसरी घटना है पटना में बिहार सरकार द्वारा गंगा आरती की शुरुआत और तीसरी है आरएसएस द्वारा मुसलमानों को लेकर हाल ही में किया गया सर्वे।

वैसे किसी भी संगठन को किसी भी तरह के सर्वे करने का हक है और किसी भी धर्म के लोगों को संविधान के मुताबिक अपने धर्म के प्रचार-प्रसार और आयोजन करने का हक है। लेकिन इन तीनों घटनाओं का संदर्भ, इससे जुड़ी हुई हाल की घटनाएं और इसके समय का चयन कुछ दूसरी तरफ इशारा कर रहा है।

सबसे पहले बात सिमरिया कुंभ की। हाल ही में दिल्ली में बिड़ला मंदिर में सिमरिया में कुंभ के आयोजन को लेकर 20 फरवरी को एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में करपात्री अग्निहोत्री जी महाराज, गोविन्दाचार्य, हिंदू महासभा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश कौशिक समेत कई दूसरे क्षेत्र के लोग भी मौजूद थे। हमारे देश में परंपरा से चार धार्मिक स्थलों पर कुंभ मनाया जाता है और इसके अलावा कई दूसरे जगहों पर भी समय-समय पर लोग इस तरह की गतिविधियों में जुटते रहे हैं, यूं उसे कुंभ का नाम नहीं दिया जाता। हाल के सालों में उन सब जगहों पर बकायदा 'कुंभ' के नाम से आयोजन करने की मांग करवायी जाती रही है और धार्मिक ग्रंथों से इसके बावत सबूत और उल्लेख जुटाने की कोशिश की जाती रही है। सिमरिया कुंभ के सिलसिले में भी कुछ इसी तरह की कोशिश की जा रही है। गुजरात में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद वहां डांग जिले में भी एक इसी तरह के कुंभ का आयोजन शुरु किया गया है और ये कहने की जरुरत नहीं है कि उसके क्या निहितार्थ है।

सिमरिया, उत्तर बिहार के लोगों के लिए वैसा ही है, जैसा दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब वालों के लिए हरिद्वार। सदियों से यहां लोग गंगा स्नान करने, अस्थियों को प्रवाहित करने और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए आते रहे हैं। राष्टीय स्तर पर यह जगह रामधारी सिंह दिनकर की जन्मस्थली होने की वजह से भी जाना जाता है। लेकिन सही मायनों में कहें तो सिमरिया वर्तमान बिहार का भौगोलिक केंद्रविन्दु है। यह जगह भौगोलिक रुप से पटना से भी ज्यादा केंद्रीय है और परिवहन साधनों से बेहतरीन ढ़ंग से जुड़ा हुआ है। उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़नेवाला गंगा पर सबसे पहला पुल यहीं बना था, उत्तर-पूर्व की ओर जानेवाली रेलगाड़ियां इसी इलाके से होकर गुजरती है। इसके उत्तर-पूर्वी दिशा में वो इलाका शुरु होता है जो कोसी और आगे सीमांचल के नाम से जाना जाता है। बिहार के इस इलाके में मुसलमानों की सबसे ज्यादा आबादी है और नब्बे के दशक में यह इलाका बीजेपी का एक 'किला' बनके उभरा है। किसी भी आयोजन और महोत्सव के क्या 'कारण' होते हैं, इससे जागरुक लोग पहले से वाकिफ हैं। इस संगोष्ठी के प्रेरणा पुरुष करपात्री अग्निहोत्री चिदात्मान जी महाराजजी बताए जाते हैं। उनके बारे में तो बहुत नहीं मालूम लेकिन जिन्हें इतिहास पढ़ने में रुचि हो उन्हें शायद मालूम होगा कि सन् पचास- साठ के दशक में एक भी करपात्री जी महाराज थे जिन्होंने हिंदू कोड बिल को लेकर नेहरु-इंदिरा की नाक में दम कर रखा था और इंदिरा गांधी के काल में देश को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए एक लाख साधुओं की भीड़ को लेकर संसद भवन पर हमला कर दिया था और जब पुलिस ने कार्रवाई की तो भीड़ ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष के कामराज का सरकारी आवास जला दिया था। बहरहाल विषय पर लौटते हैं।

दूसरी घटना 'सरकारी' है। पिछले दिनों बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने पटना में गंगा 'आरती' का शुभारंभ किया। यह गंगाआरती हरिद्वार और बनारस की तर्ज पर मनाने की बात की गई। इसे बिहार के पर्यटन मंत्रालय के तत्वावधान में करवाया जा रहा है जिसके मंत्री हैं सुनील कुमार पिंटू। पिंटू बीजेपी के विधायक हैं। हरिद्वार और बनारस में बहुत पहले से ही गंगाआरती का आयोजन किया जा रहा है और शायद यह वहां की सरकार द्वारा प्रायोजित नहीं है। लेकिन पटना में शुरु हई गंगा आरती शायद पहली आरती है जिसे नीतीश कुमार की अगुआई में सेक्यूलर सरकार के एक मंत्रालय ने शुरु किया है। इसके पीछे मासूम तर्क दिए गए हैं। गंगा आरती बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देगा वगैरह-वगैरह। लेकिन जिनलोगों को बिहार की दंतकथाओं और मान्यताओं की जानकारी है वे जानते हैं मगध और खासकर पटना की गंगा कभी भी व्यापक जनसमूह में धार्मिक रुप से बड़े आकर्षण का केंद्र नहीं रही। बिहार में सिमरिया, सोनपुर, सुल्तानगंज में गंगा तट पर विशेष आयोजन होता है। यूं, छठपूजा और दैनिक आयोजन हर जगह होता है। ऐसे में पटना में गंगाआरती किस तरह के पर्यटन को बढ़ावा देगा सोचनेवाली बात है। शायद बिहार सरकार को गया, नालंदा, राजगीर, वैशाली, लौरिया और अन्य जगहों से ज्यादा फिक्र गंगा आरती की ही है।

तीसरी खबर आरएसएस के एक सर्वे से है। पिछले महीने आरएसएस ने बिहार में एक सर्वे करवाया जिसमें धार्मिक आधार पर आरक्षण, मुसलमानों की वोटिंग पैटर्न, मुसलमानों को लेकर नीतीश सरकार की योजनाओं के बावत इकतरफा सवालों के जवाब पूछे गए। संघ से जुड़े हुए लेखक-प्रोफेसर और हेडगेवार के जीवनीकार राकेश सिन्हाइसे अकादमिक सर्वे मानते हैं। लेकिन कई लोग इसका राजनीतिक अर्थ ढ़ूढ़ रहे हैं।

हाल तक बिहार में संघ की मशीनरी का बहुत काम नहीं रहा है। संयुक्त बिहार में इसकी ऊर्जा, झारखंड के इलाकों में ही उलझी रही थी और बिहार प्रगतिशील शक्तियों और समाजिक न्याय का गढ़ बन गया था। लेकिन संघ मशीनरी ने बिहार को अब अपने मुख्य एजेंडे पर स्थान दे दिया है और प्रतीकों के माध्यम से वह यहां अपना प्रसार करना चाहती है। नीतीश सरकार की पहली पारी में बीजेपी के जिस संयमित रुप को लोगों ने देखा है वह आनेवाले दिनों में बदल सकता है। ज्यादा सीटें जीतकर आने के बाद वैसे भी पार्टी जोश से लवरेज है और उसके लक्षण सामने आ रहे हैं।

नोट-इन पंक्तियों के लिखे जाने तक एक खबर भोपाल से आ रही है कि मध्यप्रदेश की सरकार भोपाल का नाम बदल कर 'भोजपाल' करनेवाली है।

Sunday, December 12, 2010

...ये बनाना रिपब्लिक क्या बला है ?

आजकल जिसे देखो, वहीं बनाना रिपब्लिक का नाम लेता जा रहा है। बात शुरू हुई नीरा राडिया से, फिर रतन टाटा ने तस्दीक किया कि हम बनाना रिपब्लिक में रहते हैं। इधर हमारे कामरेड भाईलोग सालों से ये बात कहते आ रहे थे, पर किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था। आखिरकार हमने आजिज आकर अपने एक दोस्त से पूछ ही लिया कि मियां ये बनाना रिपब्लिक क्या बला है? उसका कहना था कि यू नो… जब रिपब्लिक बनाना की तरह हो जाए तो उसे बनाना रिपब्लिक कहते हैं! मैंने कहा कि अर्थ स्‍पष्‍ट करो। तो उसने कहा कि जिस देश को लोग पके हुए केले की तरह मनमर्जी दबा दें, तो वो बनाना रिपब्लिक हो जाता है!

इधर हाजीपुर से एक भाई ने फोन पर दावा किया कि बनाना रिपब्लिक का नाम हाजीपुर के केला बागान पर पड़ा है! उसका तर्क था कि जैसे गंगा किनारे के दियारा में (नदी के किनारे का इलाका) ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस चलती है’, वही हाल बनाना रिपब्लिक का भी होता है! मुझे लगा कि ये सही परिभाषा है। वैसे हाजीपुर के ही एक दूसरे सज्जन ने फोन किया कि ऐसा कहना हाजीपुर के केला बागान का अपमान है और इस पर मानहानि का मामला बन सकता है! आखिर ‘दियारा’ के भी कुछ अपने नियम-कानून होते हैं, उसकी तुलना आप बनाना रिपब्लिक से कैसे कर सकते हैं?

खैर, इस सवाल ने मुझे भी कई दिनों तक परेशान किया। फिर महर्षि गूगल ने बताया कि बनाना रिपब्लिक दरअसल उसे कहते हैं, जहां वाकई जिसकी लाठी उसकी भैंस होती है।

दरअसल, बनाना रिपब्लिक का नामकरण एक अमेरिकी लेखक ओ हेनरी ने 20वीं सदी के शुरुआती सालों में किया था। हेनरी साहब ने 1904 में ‘कैबेज एंड किग्स’ नामकी अपने लघुकहानी संग्रह में इसका ज़िक्र किया था, जब वे अमेरिकी कानूनों से बचने के लिए होंडुरस में रह रहे थे। होंडुरस, उत्तरी अमेरिकी महाद्वीप मे ही है, मैक्सिको-ग्वाटेमाला से बिल्कुल सटा हुआ, उसके दक्षिण में।

बनाना रिपब्लिक का केले से वाकई संबंध है। दरअसल, जब बागवानी कृषि के लिए बड़े पैमाने पर गुलामों और दासों का उपयोग किया जा रहा था, तो उस समय भूस्वामियों ने बुरी तरह गुंडागर्दी मचा रखी थी। बागवानी कृषि में बड़े पैमाने पर केले का उत्पादन होता था और दासों से जानवरों की तरह काम लिया जाता था। ये भूस्वामी आपस में भी लड़ते थे और साथ ही उन देशों की सत्ता को इन्होंने अपनी रखैल बना लिया था। उन भूस्वामियों की बड़ी-बड़ी कंपनियां थीं, जो केले का निर्यात अमेरिका और यूरोप के बाजारों में करती थीं। कहते हैं कि पहली बार जब इसका निर्यात यूरोपियन मार्केट में हुआ, तो उसमें हज़ार फीसदी का मुनाफा हुआ था! उसी केले की बागवानी के नाम पर ऐसे देशों को बनाना रिपब्लिक कहा गया। जहां नियम-कायदों की जगह ताकत, पूंजी और भाई-भतीजावाद का नंगा खेल चलता था। केले को डॉलर में बदलने का ये सिलसिला 19वीं सदी के शुरुआत में चालू हुआ था।


बाद में लोग कैरिबियन द्वीप समूहों के अलावा कई लैटिन अमेरिकी देशों को बनाना रिपब्लिक कहने लगे। वजह साफ थी। यहां लाठी का नंगा नाच होता था। वैसे इन देशों में व्यापक पैमाने पर केले की खेती करने का काम रेल पटरी बिछाने वाली अमेरिकी कंपनी के मालिक हेनरी मेग्स और माईनर कीथ ने किया था, जिसने मजदूरों को खाना खिलाने के लिए रेलवे पटरियों के किनारे केले की खेती शुरू की। बाद में यह केला सोना उगलने लगा और इसे लेकर खून-खराबे, सत्ता पलट और मजदूरों पर अमानुषिक अत्याचार शुरू हो गये।

कहते हैं कि केले की खेती से इतना मुनाफा होने लगा कि केला कंपनियों ने वहां की सत्ता का दुरुपयोग कर कई इलाकों पर कब्जा कर लिया। माईनर कीथ जो रेल पटरी बिछाते थे, उन्होंने कई केला कंपनियों के साथ अपनी रेल पटरी कंपनी का विलय कर इतनी बड़ी कंपनी बना ली कि उन्होंने अमेरिका के 80 फीसदी केला कारोबार पर ही कब्जा कर लिया! अब वे ‘बनाना किंग’ बन गये। इसके लिए हर उपलब्ध साधन अपनाये गये। हालत ये हो गयी कि इन केला कंपनियों ने दक्षिण अमेरिका, कैरिबियाई द्वीप समूह और केंद्रीय अमेरिका के लाखों लोगों को भूमिहीन बनाकर बंधुआ मजदूर बना लिया गया। इन मजदूरों को सीमित रूप से भोजन और यौन संबंध बनाने की आजादी मिली हुई थी।

ये केला कंपनियां इतनी ताकतवर थीं कि इन्होंने सीआईए के साथ मिलकर कई देशों में तख्ता पलट कराया और कई राष्ट्रपतियों की हत्या कर दी गयी। पाब्लो नेरुदा ने लैटिन अमरीकी देशों में इन केला कंपनियों के राजनीतिक प्रभुत्व की अपनी कविता ‘ला यूनाईटेड फ्रूट कंपनी’ में भर्त्सना भी की।

उस हिसाब से देखा जाए तो केला कंपनियों की तरह अपने यहां कंपनियां ज़मीन से लेकर स्पेक्ट्रम तक की लूटमार करती ही रहती हैं। तो फिर टाटा साहब का कहना ठीक है कि हम बनाना रिपब्लिक हो गये हैं! अंग्रेजी में ये शब्द कितना अच्छा लगता है…!

Monday, October 11, 2010

असली एंग्री यंग मैन तो तुम थे जेपी....!

गनीमत है कि अमिताभ का जन्म 2 अक्टूबर को नहीं हुआ। नहीं तो लोग बापू को भी भूल जाते। क्या फर्क पड़ता है कि आज 11 अक्टूबर को जयप्रकाश नारायण का जन्म दिन है। बिग बी का भी जन्मदिन आज ही है। जेपी के बारे में टीवी और अखबारों में शायद ही कहीं छपा हो। एक पत्रकार ने कहा कि जेपी को चलाने से टीआरपी नहीं मिलती। बात सही है। टीआरपी तो बिग बी उगल रहे हैं। शायद लालू-नीतीश भी जेपी को भूल गए हों। चुनाव प्रचार में बिजी होंगे। क्या पता कहीं माला-वाला चढ़ा दिया हो।
हां, बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकारी ने जरुर जेपी को याद किया। लेकिन गलत संदर्भ में। उन्होंने कहा कि आज जेपी (और नानाजी देशमुख भी) के जन्मदिन को बीजेपी कर्नाटक में अपनी सरकार बचा कर सेलीब्रेट कर रही है। सही बात है। लेकिन बीजेपी ने जिस तरह से स्पीकर की सत्ता का अपने पक्ष में इस्तमाल करके सरकार बचाई है जेपी तो उसी के खिलाफ थे। जेपी ने 1974 में इंदिरा-बनाम राजनारायण मुकदमे में हार के बाद लोकसभा स्पीकर को मनमर्जी फैसला लेनेवाला बताया था। इसे उस वक्त स्पीकर की गुंडागर्दी बताया गया। लेकिन बीजेपी, अपनी जीत को जेपी के जन्मदिन को सुपुर्द किए जा रही है!

खैर, बात जेपी की हो रही थी। कई लोग कहते हैं कि जेपी सारे चेले लंपट और उचक्के निकले। उनका इशारा लालू-मुलायम की तरफ होता है। यूं, मुलायम जेपीआईट नहीं है, वे अपने को लोहियाईट कहते हैं। इस तरह के आरोप पूर्वाग्रह से भरे होते हैं, उसमें गंभीरता कम होती है। जेपी आन्दोलन से जो सबसे अहम परिवर्तन आया वो ये कि हमारे लोकतंत्र का समाजीकरण हो गया। अब संसद और विधानसभाएं सिर्फ साफ बोलने और पहनने वालों की जागीर नहीं रही। ऐसे में कुछ ऐसे भी लोग सामने जरुर आए जिन्हें सार्वजनिक जीवन में देखकर संभ्रान्तों को तकलीफ होती थी। ऐसे लोगों को जेपी के लंपट और उचक्के चेलों की संज्ञा दे दी गई!

जेपी और अमिताभ दो और वजहों से महत्वपूर्ण हैं। देश की आजादी के बाद जब सपने टूटने लगे थे और उम्मीदें दरकने लगी थीं तो दोनों ने ही अलग-अलग तरीकों से इसे अभिव्यक्त किया था। जेपी का इंदिरा विरोधी आन्दोंलन और अमिताभ का एंग्री यंग मैन एक ही चीज की वकालत कर रहा था। साहित्य में इसकी अभिव्यक्ति बहुत पहले हो चुकी थी। रेणु, देश की आचंल को मैला साबित कर चुके थे, और श्रीलाल शुक्ल नेताओँ को रागदरबारी। माध्यम अलग-2 था। जेपी को भी इस बात का एहसास था कि उनके आन्दोंलन में कई विचारधाराओँ के लोग हैं जिनकी निष्ठाएं अलग-अलग हैं। लेकिन बावजूद इसके, गैर-कांग्रेसवाद का पहला प्रयोग वे कामयाब बनाना चाहते थे।

कई लोगों को इस बात पर भी आपत्ति है कि ये जेपी ही थे जिन्होंने तत्कालीन जनसंघ को एक तरह से सियासी अछूतपना से निजात दिलाया था। लेकिन ये इल्जाम जेपी पर ही क्यों...! क्या लोहिया ने सन् '67 में पहली संविद सरकार में ऐसा ही नहीं किया था? जाहिर है, लोहिया का वो अधूरा प्रयोग साल 1977 में जाकर पूरा हुआ था। कांग्रेस इसलिए सत्ता में फिर से आ गई या आती रही कि कोई मजबूत विकल्प नही था। लोहिया इसका प्रयास करते रहे थे। जेपी ने उसे एक कदम आगे बढ़ाया।
जेपी इसका प्रयास करते रहे कि जनसंघ अपने कट्टर खोल से बाहर निकले और इसलिए जनता पार्टी भी बनाई गई। बाद में दोहरी सदस्यता पर जनसंघियों की जिद और दूसरे नेताओं की महात्वाकांक्षा की वजह से पार्टी टूट गई, ये अलग बात है। लेकिन जेपी ने अपने भर तो प्रयास किया ही था।
सन् 77 में बड़ा मुद्दा ये था कि मुल्क को इंदिरा गांधी की तानाशाही से मुक्ति दिलाई जाए। इस चक्कर में बेहतर विकल्प और कार्यक्रमों पर ध्यान नहीं दिया गया और जनता पार्टी आपसी अंतर्कलह का शिकार हो गई। लेकिन इसने देश को ये बता दिया कि मुल्क एक परिवार और एक पार्टी के बगैर भी चल सकता है। यहीं वो प्रयोग था जिसने बाद के दिनों में कांग्रेस को अपेक्षाकृत ज्यादा लोकतांत्रिक बनने या दिखने पर मजबूर किया। इसमें कोई शक नहीं कि सन् 1975-77 का आन्दोलन देश के इतिहास में एक दूसरे आजादी के आन्दोलन की तरह ही याद रखा जाएगा जिसने भारतीय लोकतंत्र का इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र सबकुछ बदल दिया।
जेपी को आंकने का पैमाना निश्चय ही लालू या मुलायम नहीं हो सकते। वैसे भी, लालू-मुलायम जिस देशज और व्यापक राजनीति की नुमाईंदगी करते हैं वो कांग्रेस के कलफ लगे हुए कुर्तों में नहीं थी। परवर्ती नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को जेपी पर नहीं थोपा जा सकता।
एक व्यक्ति के तौर पर जेपी शायद गांधी के बाद पहले भारतीय थे जिन्होंने दो-दो बार सत्ता को ठुकरा दिया था। नेहरुजी की मौत के बाद भी जेपी को कथित तौर पर ये मौका मिला था और आपातकाल के बाद तो खैर जनता पार्टी ही उनकी ब्रेनचाईल्ड ही थी। जब इंदिरा गांधी तानाशाह बन रही थी तो जेपी चंबल में डकैतों से आत्मसमर्पण करवा रहे थे। उनकी ये नैतिक सत्ता थी, डकैतों को सरकार पर यकीन नहीं था।
आज मुल्क जेपी की याद में जश्न मनाना जरुरी नहीं समझ रहा। शायद, सत्ता भी यहीं चाह रही है। लेकिन इस लोकतंत्र पर जब-जब खतरा आएगा और जब भी तानाशाही थोपने की कोशिशें होंगी, जेपी का नाम हमारे जेहन में बिजली सा जरुर कौंधेगा।

Thursday, September 23, 2010

मेरी यादों में अयोध्या...!

अयोध्या में जब बाबरी मस्जिद ढ़हाई गई थी तो उस वक्त मैं शायद 7वीं क्लास में था। गांव में किसी बुजुर्ग के मौत की बरसी का भोज था। बीबीसी पर खबर आई थी कि बाबरी मस्जिद को जमींदोज कर दिया गया। लोगों ने उसे बाद में बीबीसी उर्दू पर विस्तार से सुना। पता नहीं बीबीसी वालों ने उस वक्त उसे क्या कहा था-मस्जिद या विवादित ढ़ांचा याद नहीं आता। लेकिन जो बात याद आती है वो ये कि खबर सुनते ही मानों लोगों में एक उन्माद सा छा गया था। कहने की जरुरत नहीं कि ये ब्राह्मणों का भोज था, पता नहीं दलितों और पिछड़ों में इसकी क्या प्रतिक्रिया हुई। वैसे भी अपने आपको अपवार्डली मोबाईल मानने वाले ब्राह्मण-सवर्ण ज्यादातर बीबीसी सुनते थे और कुछ पढ़े लिखे पिछड़े-दलित भी। ये उस समय का एक दस्तूर सा था कि शाम को पटना आकाशवाणी की खबर के बाद लोग बीबीसी सुनते थे।

पटना में लालू प्रसाद नामका एक नेता मुख्यमंत्री बन चुका था और पिछड़ों में उन्हें लेकर एक उन्माद के हद तक आशावादिता थी। बिहार के सवर्ण उस दौर में सार्वजनिक स्थलों पर विवादों से बचने की भरसकर कोशिश करते थे। खाते- पीते लोगों ने बड़े पैमाने पर अपने बच्चों को पढ़ने के लिए दिल्ली भेजना शुरु कर दिया था। बाबरी मस्जिद उस एक तबके के लिए बड़ा आश्वासन बनकर आया था जब उसे लगा कि इस बहाने कम से कम वो अपने आपको अलग-थलग होने से बचा सकता था। बाबरी ध्वंश के बाद मेरे सूबे में दंगे नहीं हुए थे, यूं तनाव जरुर था। इस दंगे के न होने में एक बड़ी भूमिका लालू प्रसाद की जरुर थी जिन्होंने पिछड़ों और दलितों को बहकने नहीं दिया था। यूं, इससे पहले बिहार, भागलपुर और सीतामढ़ी का कुख्यात दंगा झेल चुका था। लेकिन बाबरी ध्वंश के बाद ऐसी बात नहीं हुई। दो महीना बाद भोपाल से मेरे चचेरे भाई आए थे तो बिहार में आए पिछड़ा उभार पर मर्सिया गाने के बाद भोपाल में हुए हिंदू-मुस्लिम झगड़े पर जरुर सीना चौड़ी कर रहे थे।

ये वहीं दौर था जब बिहार- या यूं कहें कि पूरे उत्तर भारत- का पूरा का पूरा सवर्ण तबका कांग्रेस का दामन छोड़कर बीजेपी का मुरीद होने लगा था। उस वक्त अखबारों में नरसिंम्हा राव की तस्वीर ऐसे छपती थी जैसे वे आज के कलमाड़ी हों। वाजपेयी ने एक तबके में अपनी जगह बनानी शुरु कर दी थी। उसके बाद हम पटना आ गए थे और पढ़ाई लिखाई में व्यस्त होते गए। जब-जब बीजेपी उफान पर होती तो हमें लगता कि लालू का काट सामने आ रहा है।

वाजपेयी जब पहली बार प्रधानमंत्री बने तो लोगों खासकर सवर्णों और कट्टरपंथी किस्म के हिंदिओं में उसी तरह की खुशी हुई थी जब बाबरी ढ़हाई गई थी। कुछ उदारपंथी किस्म के लोगों ने वाजपेयी में एक आश्वासन जरुर देखा था। वाजपेयी सरकार ने जब परमाणु परीक्षण करने का फैसला लिया तो लोगों ने इसे एक तरह के हिंदु उभार से कम नहीं देखा था। लेकिन बीजेपी के कोर वोटरों में तब निराशा होने लगी तब बीजेपी की सरकार ने गठबंधन को बचाने के लिए राममंदिर को किनारे करना शुरु कर दिया। इसके उलट उन वोटरों ने जब प्रमोद महाजनों, अरुण शौरियों-जेटलियों को कारोबारियों के समर्थकों की भूमिका में देखा तो शायद उन्हें लगा कि बीजेपी को तो उन्होंने इसके लिए वोट किया ही नहीं था। साल 2004 आते-आते बीजेपी विकास के नाम पर इंडिया शाईनिंग का नारा भले ही गढ़ बैठी लेकिन उसके कोर समर्थकों में कोई उत्साह बाकी नहीं था। पार्टी औंधे मुंह गिरी। लगा कि कांग्रेस और बीजेपी में कोई फर्क ही नहीं है।

ऊपर की व्याख्या जरुर दक्षिणपंथी किस्म की लग सकती है लेकिन ये मेरे जैसे इंसान का नितांत निजी अनुभव है जो खास सामाजिक परिस्थियों में पले-बढ़े होने की वजह पैदा हुआ था।

वाजपेयी सरकार के मध्याह्न काल तक हिंदुओं के एक वर्ग में जो उम्मीद बाकी थी वो साल 2010 तक आते-आते बिल्कुल खत्म हो चुकी है। अब जमीन पर कोई तनाव नहीं है। यूं, ये एक ऐसा मसला जरुर है जो काफी संवेदनशील है और कुछ भी भविष्यवाणी करना खतरनाक है। लेकिन साल 2010 तक आते-आते लगभग पूरा का पूरा राजनीतिक और समाजिक तबका इस बात का लगभग मुरीद हो चुका है कि जो होगा वो अब अदालत के फैसले से ही होगा।

मुझे अपनी दादी की बात याद आती है। वो एक धार्मिक महिला थी जो रह-रह कर प्रयाग, बनारस, मथुरा-बृंदावन और जगन्नाथजी की चर्चा करती थी। लेकिन अयोध्या का जिक्र उसमें शायद ही आता था। पता नहीं या मेरी दादी की ही बात थी या शायद मेरे पूरे इलाके में ही ऐसी बात थी। अयोध्या को लेकर कभी कोई फेसिनेशन नहीं था। कुछ बुजुर्ग कहते हैं कि मिथिला के लोगों में वैसे भी अयोध्या को लेकर कोई बहुत लगाव नहीं था जहां सीता के साथ ऐसा बुरा बर्ताव हुआ था ! यहां मैं थोड़ा क्षेत्रीय हो रहा हूं। पता नहीं मामला क्या है। बाबरी जब ध्वंश हुआ था तो ऐसा लगता है कि मेरे गांव के लोगों में खासकर ब्राह्मणों में वो तात्कालिक उन्माद ही था जो लालू यादव के गद्दीनशीं होने की स्थिति में खुशी का कोई क्षण खोजने के लिए भी आया था। बाद में सारी बातें हवा हो गई। आज मेरे गांव में लोग उसी तरह उदासीन है। कुछ लोग जो उत्साहित लगते हैं वे शहरों में ही लगते हैं जहां टीवी चैनल और मीडिया के दूसरे माध्यम उन्हें रह-रह कर इस बात की याद दिला ही देते हैं।

अपने देश में दलितों का मसला अंबेदकर और गांधी ने मिल-बैठकर सुलझाया था। पिछड़ा आरक्षण का मसला संसद और अदालत ने सुलझाया था। पता नहीं अयोध्या का क्या होगा। लोग तो कह रहे हैं कि अदालत का फैसला मान लेंगे। अच्छी बात है। लेकिन अगर समाजिक रुप से सर्वसम्मत फैसला हो तो शायद हल और भी मजबूत हो। लेकिन दिक्कत ये है कि गांधी और अंबेदकर जैसे कद्दावर हमारे बीच फिलहाल तो नहीं है। फिर भी हम उम्मीद क्यों छोड़ें ?

Monday, August 30, 2010

यूपीएससी परीक्षा में धांधली का आरोप

हाल ही में जब एमसीआई का चेयरमैन 2 करोड़ रुपया घूस लेते हुए पकड़ा गया था तो लोगों ने उसे पहली ऐसी घटना माना था जिसमें कोई इतना बड़ा अधिकारी सरेआम घूस लेते पकड़ाया हो। यूं, कईयों ने उसे सुखराम कांड से तुलना करने की भी कोशिश की थी। लेकिन हाल ही में यूपीएससी पर जो घोटाले के आरोप लगे हैं वे इससे कहीं बड़े घोटाले को अंजाम दे सकते हैं। क्योंकि यूपीएससी ऐसा संस्थान है जो देश पर हुकूमत करने वाले नौकरशाहों को चुनता है। अगर यहां पर घोटाले की बात साबित हो जाती है तो वाकई एक एक सीट की बोली 5 या 10 करोड़ो में लगी होगी।

भारत के इतिहास में अभी तक यूपीएससी को गाय, गंगा और ब्राह्मण की तरह पवित्र माना जाता रहा है! यूं, राज्यों में लोकसेवा आयोगों को लोग दशकों से घोटाला करते देख रहे हैं और बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में तो इसके चेयरमैन तक जेल रहे हैं। रेलवे बोर्ड की भी यहीं हालत है। कुल मिलाकर हिंदुस्तान में कोई ऐसा सरकारी विभाग नहीं बचा जहां पैसा लेकर नौकरी न बांटी जाती हो। हां, इसके प्रतिशत में फर्क हो सकता है कि कितने सीट जेनुइन चुने गए और कितने पैसे लेकर। लेकिन अभी तक यूपीएससी पर कोई खुलेआम आरोप नहीं लगा था। एक बार यूपीएससी के प्रश्नपत्रों को लेकर सवाल जरुर उठा था जिसमें रांची के एक प्रेस से संबंधित कई लोगों ने यूपीएससी इक्जाम में कामयाबी पा ली थी। लेकिन उसके बाद से प्रश्नपत्रों की छपाई का काम अमेरिका भेज दिया गया।

इस बार यूपीएससी के उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि पीटी की परीक्षा में भारी पैमाने पर धांधली हुई है। यूपीएससी ने घोषणा की थी कि वो पीटी में करीब 18,000 रिजल्ट देगा जो इसबार रिक्तियों की भारी संख्या को देखते हुए लाजिमी भी था। लेकिन यूपीएससी ने रिजल्ट दिए सिर्फ 12,000. यूपीएससी ने इसकी कोई वजह नहीं बताई और न ही आरटीआई के तहत वो इसकी जानकारी देना चाहता है। लेकिन ऐसा करना यूपीएससी का कोई अपराध नहीं लगता। लेकिन आंखे तो तब खुली रह जाती है कि यूपीएससी मिनिमम कट ऑफ मार्क नहीं बताना चाहता। क्योंकि ऐसी खबरें है कि कुछ ऐसे लड़को को पीटी में पास घोषित कर दिया गया है जो इक्जाम में बैठे ही नहीं थे। दूसरी तरफ जिन लड़कों ने पिछले साल आईपीएस का इक्जाम पास कर लिया था वे इस बार पीटी में खेत रहे। हलांकि कई दफा ऐसा होता है, लेकिन अगर ऐसे तकरीबन 100 से ज्यादा उम्मीदवारों के साथ हो जरुर घोटाले की गंध आती है। दूसरी तऱफ कुछ ऐसे लड़के हैं जिन्होंने जीएस में महज 20 सवाल बनाए थे उनका हो गया लेकिन 50 सवाल हल करने वाले खेत रहे।

कई छात्र इस बार के इक्जाम में क्षेत्रीय भेदभाव का आरोप भी लगा रहे हैं। हलांकि इसकी संभावना कम है। हिंदीभाषी इलाके के कई छात्रों का कहना है कि क्षेत्रविशेष के ज्यादातर उम्मीदवारों को पास करवा दिया गया है और हिंदी इलाकों के छात्रों का नाम काट दिया गया है।

यूपीएसी उम्मीदवारों ने इसके लिए यूपीएससी कार्यालय के सामने धरना दिया और जंतर-मंतर पर भी वे धरना दे चुके हैं। लेकिन उनकी आवाज को सुनने को कोई तैयार नहीं है। आश्चर्यजनक बात ये है कि मीडिया का एक बड़ा तबका उनकी बातों को सुनने को तैयार नहीं है। हिंदी मीडिया में तो फिर भी उनके बारे में कुछ न कुछ छपा है लेकिन अंग्रेजी मीडिया ने इस तरफ से बिल्कुल अपनी आंख मूंद ली है। यूपीएससी को ये गुरुर है कि सांविधानिक संस्था होने के नाते कोई उस पर सवाल उठा ही नहीं सकता। उम्मीदवारों को अब आशा की एक ही किरण दिखाई देती है और वो है सुप्रीम कोर्ट। अपनी तरफ से उन्होंने सोशल मीडिया पर भी इसके लिए कई तरह के लेख लिखे हैं। लेकिन कई उम्मीदवार खुलकर आना नहीं चाहते, उन्हें भय है कि आनेवाले सालों में भी यूपीएससी के आका उन्हे ब्लैकलिस्ट न कर दे।

Friday, August 27, 2010

रिलांयस-वेदांता कॉरपोरेट जंग और कांग्रेस का समीकरण

आपको मालूम है कि ये अनिल अग्रवाल कौन है ? मुकेश अंबानी और पी चिदंबरम वैसे भी किसी परिचय के मुंहताज नहीं हैं । इधर कुछ दिनों से जयराम रमेश भी याद करने लायक बन गए हैं। एक ग्लैमरस स्टोरी है जिसके ये अहम किरदार हैं। मधुर भंडारकर में अगर हिम्मत होती तो इसे जरुर पर्दे पर उतार देते और ‘कॉरपोरेट पार्ट टू’ बना देते। अब इस स्क्रिप्ट में राहुल गांधी की भी एंट्री हो चुकी है। राहुल गांधी ने नियामगिरी के उस पहाड़ी इलाके का दौरा किया है जहां बाक्साईट खनन का ठेका लेने में वेदांता को तगड़ा झटका लगा। राहुल गांधी ने खुलेआम कहा कि उन्ही की वजह से वेदांता को ये ठेका नहीं मिला और कि वे दिल्ली में आदिवासी हितों के एकमात्र पहरुआ हैं। आमीन।
चलिए अनिल अग्रवाल से शुरुआत करते हैं। उदार भारत के डालर अरबपतियों में दूसरे पोदान पर हैं ‘वेदांता रिसोर्स’ के मालिक अनिल अग्रवाल। साल 2009 में इनकी रैंकिंग पांचवी थी। यूं, मुकेश अंबानी से बहुत पीछे हैं लेकिन इनकी चमत्कारिक ग्रोथ रेट अंबानी के लिए यकीनन चिंता की बात होगी। अनिल अग्रवाल की जन्मस्थली पटना है । इस हिसाब से आप उन्हें पहला बिहारी डॉलर अरबपति भी कह सकते हैं! घनघोर किस्म के बिहारी चाहें तो अपना छाती चौड़ी कर सकते हैं! अग्रवाल ने पटना के मिलर स्कूल में पढ़ाई की जहां लालू प्रसाद यादव उनके सहपाठी हुआ करते थे। हाल ही में वो तब चर्चा में आए जब उन्होंने तेल और ऊर्जा के क्षेत्र की बड़ी कंपनी केर्न इंडिया पर 9।6 अरब डॉलर की बोली लगा दी।
अनिल अग्रवाल के पिता शहर पटना में एक छोटे से धातु कारोबारी हुआ करते थे जो बिजली विभाग के लिए एल्यूमिनियम का कंडक्टर बनाते थे। सन् ‘76 में अनिल अग्रवाल ने स्टरलाइसट इंडस्ट्रीज नाम की कंपनी बनाई जिसे धातु कारोबार के फील्ड में आसमान चूमना था। जी हां, ये वहीं स्टरलाइट थी जिसने बीजेपी के राज में बाल्को को भारत सरकार से खरीद लिया था। बाद में साल 1986 में अग्रवाल ने ‘वेंदांता रिसोर्स’ नाम की कंपनी की नींव डाली। साल 2002 में अग्रवाल ने हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड को भी खरीद लिया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती।
अनिल अग्रवाल और उनकी वेदांता पर भ्रष्टाचार और धांधली के कई आरोप लगे। बाल्को अधिग्रहण के वक्त भी और हाल ही में नियामगिरी हिल्स में बाक्साइट के खदान हथियाने की कोशिशों को लेकर भी। एन सी सक्सेना कमेटी ने वहां चल रही माईनिंग को अवैध करार दे दिया। वेदांत पर जमीन हड़पने, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लंजीगढ़ (उड़ीसा) में एल्यूमिनियम रिफाइनरी खोलने के आरोप लगाए गए। उन्होंने तमाम नियम कानून ताक पर रख दिया और ऐसा मीडिया मैनेज किया कि मुख्यधारा की मीडिया इस खबर को सिर्फ सूंघकर रह गई।

बहुत दिन नहीं हुए जब हमारे गृहमंत्री पी चिदंबरम वेदांता के एक डायरेक्टर हुआ करते थे। बाद में जब उन्हें गृहमंत्री बनाया गया तो अरुंधती राय ने कहा कि वे तो वेदांता के खनन हितों की सुरक्षा के लिए चौकीदार बने है। कई लोगों को अरुंधती सही भी लगी। बहरहाल, वेदांता उस वक्त विवादों में फंस गई जब उड़ीसा के नियामगिरी की पहाड़ियों में बाक्साइट के खदानों के लिए उड़ीसा सरकार हजारों आदिवासियों को उजाड़ने पर आमादा हो गई। पुनर्वास के बदले में आदिवासियों को 30 किलोमीटर दूर बने अपार्टमेंटनुमा मकानों में बसा दिया जाना था! लेकिन जिस दिन वेदांता ने केर्न इंडिया पर दावा ठोका, उसी दिन पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने वेदांता के नियामगिरी प्रोजेक्ट पर पानी फेर दिया। बहरहाल, तेज रफ्तार से दौड़ रहे अनिल अग्रवाल, जयराम रमेश के दिए घावों को सहला रहे हैं और अगले वार की तैयारी में है।
यहां पर कुछ पेंच है जिसे समझना जरूरी है। अनिल अग्रवाल जैसे लोगों ने दिल्ली समेत छोटी राजधानियों में डीलमेकरों का जो जाल बिछाया है उसमें कई बार आपस में ही टकराव हो जाता है। बीजेपी के राज में उनका काम मजे से चला और कांग्रेस में चिदंबरम उनके पुराने यार हैं। केर्न इंडिया को अगर वो खरीद लेते हैं तो वो उस स्थिति में आ जाएंगे, जहां से उनका टकराव मुकेश अंबानी की रिलांयस से होगा। इसलिए अब वो मुकेश की आंखों में चुभ रहे हैं। तेल रिफाइरनी के मामले में वो मुकेश अंबानी से पंगा ले रहे हैं तो बिजली के सुपर प्रोजेक्ट की घोषणा करके उन्होंने अनिल अंबानी को भी चुनौती दे दी है। अग्रवाल एक बार रिफाइनरी के धंधे में हाथ जला चुके हैं लेकिन पुराने इरादे खतम नहीं हुए हैं। अगले साल के शुरुआत में वे बिजली के 11 सुपर प्रजेक्ट के लिए कमर कस रहे हैं जिसमें हरेक कम से कम 4,000 मेगावाट का है। यहीं जाकर रिलांयस के दो दिग्गजों से उनका टकराव शुरू होता है।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के अंदर के सत्ता समीकरण में चिदंबरम, मनमोहन सिंह और मोंटेक एक ‘कोटरी’ के हैं जो धुर उदारवादी माना जाता है। आप इसे कांग्रेस आलाकमान का कॉरपोरेट या उदार चेहरा(?) कह सकते हैं। दूसरी तरफ एक खेमा वो है जो पार्टी आलाकमान के हिसाब से पार्टी का समाजिक चेहरा बनना चाहता है। इसके नए अगुआ बने हैं दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश और सीपी जोशी। ये कांग्रेस आलाकमान का समाजिक चेहरा है, बिल्कुल सौम्य, सरल और निश्चल! इस खेमे को ‘आम आदमी’ के ‘सरोकारों’ की सोते जागते चिंता रहती है। वो सरकार की कॉरपोरेट लॉबी के बरक्श हमेशा बयानवाजी करता है और जनता को आश्वस्त करता जाता है। सूत्रों की माने तो रिलांयस ने इसी खेमे को साधा है। इनके अलावा मुरली देवड़ा और रिलायंस के रिश्ते पर तो चर्चा होती ही रहती है। केर्न इंडिया को निगलने की फिराक में लगी वेदांता की बाक्साइट खदानों पर ताला जड़े जाने की घटना को इन संदर्भों में देखा जाना चाहिए। मजे की बात ये कि इधर जयराम ने वादांता के मनसूबों पर पानी फेरा और उधर राहुल गांधी, इस काम का श्रेय लेने नियामगिरी पहुंच गए। वैसे हमें याद है कि एक बार साल 1994 में तब के पर्यावरण मंत्री राजेश पायलट का रातोंरात तबादला कर दिया गया था जब उन्होंने चंद्रास्वामी से पंगा लिया था। लेकिन इस बार जयराम रमेश के पीछे मुकेश अंबानी खड़े हैं जिनकी कांग्रेस के बड़े नेताओं में आकंठ घुसपैठ है। इसलिए फिलहाल उनकी नौकरी सुरक्षित लगती है।

इधर जिस हिसाब से माओवाद के बहाने दिग्विजय सिंह, चिदंबरम पर निशाना साध रहे हैं उससे कई बार चिदंबरम की नौकरी खतरे में लगती दिखती है। जाहिर है, दिग्गी राजा का ये माओवाद प्रेम महज दिखावा है, खेल तो कहीं और से खेला जा रहा है। आधिकारिक तौर पर दिग्विजय सिंह की हैसियत बातौर कांग्रेस महासचिव यूपी के प्रभारी की है और वे राहुल गांधी के हाथ-पैर-नाक और मुंह भी हैं !
देखा जाए तो वेदांता जिस राह पर आगे बढ़ती हुई इस मुकाम पर पहुंची है, लगभग रिलांयस ने भी वहीं तरीका अपनाया था। धीरुभाई अंबानी हों या उनके सुपुत्र अंबानी बंधु-उन्होंने कारोबार में आगे बढ़ने के लिए हर उपलब्ध तरीका अख्तियार किया। ऐसे में ये कॉरपोरेट वार किस मंत्री को हलाल करेगा ये आगे देखने वाली बात होगी।

दुर्भाग्य से हम एक ऐसे युग के गवाह हैं जहां ठेकेदारों, दलालों और खनन माफियाओं ने सरकार पर कब्जा कर लिया है। हिंदुस्तान में आर्थिक सुधार(?),खान माफियाओं का उदय, आदिवासियों का बड़े पैमाने पर विस्थापन और माओवाद के उदय का कालक्रम लगभग एक ही है। इस हिसाब से आप कर्नाटक के रेड्डी बंधुओं को अनिल अग्रवाल और अंबानी बंधुओं का लघु रूप मान सकते हैं। दुनिया के विशालतम लोकतंत्र में आपका फिर भी स्वागत है! चलिए कॉमनवेल्थ गेम्स में अतिथियों का स्वागत करें !